| |
June 13, 2012
हरियाणा में राष्ट्रीय व्यावसायिक शैक्षणिक योग्यता फ्रेमवर्क परियोजना को आरम्भ में नौ जिलों नामतः अम्बाला, यमुनानगर, झज्जर, रोहतक, पलवल, फरीदाबाद, गुड़गांव, फतेहाबाद तथा मेवात के 40 स्कूलों में क्रियान्वित करने का निर्णय लिया गया है। हरियाणा की शिक्षा मंत्री श्रीमती गीता भुक्कल ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना के तहत इन स्कूलों में नौंवी एवं ग्यारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को आईटी, सिक्योरिटी, रिटेल एवं ऑटोमोबाइल कौशल में से किसी भी एक में दाखिला लेने का विकल्प होगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से लगभग 6,000 विद्यार्थियों के लाभान्वित होने की संभावना है। केन्द्र सरकार द्वारा इस परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगभग 10.80 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिसमें से 1.10 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की जा चुकी है। परियोजना के लिए राज्य के हिस्से के रूप में चार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सरकार ने आईटी, सिक्योरिटी, रिटेल एवं ऑटोमोबाइल कौशल के लिए एप्लाइड लर्निंग एवं वोकेशनल टीचर्स के 80 पदों के लिए 28 जून, 2012 तक आवेदन आमंत्रित किये हैं। ये पद 8 जिलों नामतः अम्बाला, यमुनानगर, झज्जर, रोहतक, पलवल, फरीदाबाद, गुड़गांव तथा मेवात के लिए हैं और इन्हें 10 मास की अवधि के लिए अनुबंध आधार पर भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि आईटी तथा आईटी सम्बद्घ सेवा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार ने किसी प्रतिष्टित संस्थान से कम्प्यूटर एप्लीकेशन में स्नातक या डिप्लोमा किया हो तथा उसे प्रासंगिक उद्योग में एक से दो वर्ष का अनुभव हो। इसके अतिरिक्त, बीसीए/एमसीए/बी टैक की डिग्री वाले उम्मीदवारों को अधिमान दिया जाएगा। इसी प्रकार, ऑटोमोबाइल के लिए उम्मीदवार ने किसी प्रतिष्टित संस्थान से ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग में स्नातक या डिप्लोमा किया हो तथा उसे प्रासंगिक उद्योग में एक से दो वर्ष का अनुभव हो। ऑटोमोबाइल में बीटैक की डिग्री धारक उम्मीदवारों को अधिमान दिया जाएगा। सिक्योरिटी के लिए उम्मीदवार ने किसी प्रतिष्टित संस्थान से सिक्योरिटी (औद्योगिक सुरक्षा/सुरक्षा प्रबन्धन/सिक्योरिटी ऑपरेशन्स) में स्नातक या डिप्लोमा किया हो तथा उसे सिक्योरिटी में एक से दो वर्ष का अनुभव हो। भूतपूर्व सैनिकों को अधिमान दिया जाएगा। इसी प्रकार, रिटेल के लिए उम्मीदवार ने किसी प्रतिष्टित संस्थान/संगठन से स्नातक या डिप्लोमा/सर्टिफिकेट कोर्स किया हो तथा उसे एक से दो वर्ष का अनुभव हो। सैल्स एवं मार्किटिंग में एमबीए उम्मीदवारों को अधिमान दिया जाएगा। इन सभी पदों के लिए उम्मीदवार की आयु 25 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा उसे अंग्रेजी एवं हिन्दी तथा कम्प्यूटर का बेसिक ज्ञान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी विभाग की वैबसाइट-www.schooleducationhry.gov.in पर भी उपलब्ध है।
|
|